Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य में लंबित जन शिकायतों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। IG मुख्यालय की ओर से सभी जोनल आईजी और रेंज डीआईजी को निर्देश जारी कर कहा गया है कि CPGRAMS पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का निपटारा तय समय-सीमा में किया जाए। यह निर्देश 12 फरवरी को कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग के राज्य नोडल पदाधिकारी-सह-सचिव की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद जारी हुआ। बैठक में सामने आया कि पुलिस विभाग के अधीन बड़ी संख्या में शिकायतें लंबित हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया गया कि अब देरी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें :धनबाद सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट खाली कराकर सघन तलाशी
21 दिन की डेडलाइन, 50 से कम हों लंबित मामले
मुख्यालय के आदेश में कहा गया है कि केंद्र सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत हर शिकायत का निपटारा अधिकतम 21 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा। साथ ही जोनल आईजी को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि उनके अधिकार क्षेत्र में लंबित मामलों की संख्या 50 से अधिक न रहे। 21 दिनों से ज्यादा समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया गया है।
जवाबदेही तय, पारदर्शिता पर जोर
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि अब शिकायतों के निष्पादन में सुस्ती पर सीधे जवाबदेही तय होगी। अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट देनी होगी। राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की यह पहल जन शिकायत निवारण प्रणाली को अधिक तेज, जवाबदेह और पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
Reporter | Samachar Post