Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 16 में मतदान खत्म होते ही हिंसक झड़प और गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल सख्त कदम उठाए हैं।
एसआईटी गठित, छापेमारी तेज
पुलिस प्रशासन ने डीएसपी मुख्यालय नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। टीम में एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव और डीएसपी कौशर अली को शामिल किया गया है। एसआईटी ने जांच शुरू कर दी है और संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: नशे की खेती पर सिमडेगा पुलिस का बड़ा एक्शन, खेतों में लगी अफीम फसल नष्ट
थाना प्रभारी हटाए गए
घटना के बाद आईजी सुनील भास्कर खुद गिरिडीह पहुंचे और डीसी रामनिवास यादव व एसपी डॉ. बिमल कुमार के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। समीक्षा के बाद नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। उनकी जगह रतन कुमार सिंह को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
कैसे भड़का विवाद?
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह वार्ड नंबर 18 में मतदान के दौरान मामूली विवाद हुआ था, जिसे पुलिस ने शांत करा दिया था। लेकिन शाम को मतदान समाप्त होने के बाद विवाद फिर भड़क गया और हिंसक झड़प में बदल गया। गोलीबारी में दो लोग घायल हुए, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन
घटना के बाद स्थानीय लोग राजू खान के नेतृत्व में सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने शिवम और उसके समर्थकों पर मुख्य आरोप लगाया। देर रात तक चले सड़क जाम को अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त कराया गया। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।