- शहीदों के परिजनों को घर जाकर किया सम्मान, STF ने दोहराया संकल्प
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राज्य की नक्सल विरोधी अभियान में अग्रणी भूमिका निभाने वाली झारखंड जगुआर (STF) अपने गठन का 18वां स्थापना दिवस 19 फरवरी 2026 को मनाने जा रही है। स्थापना दिवस से पहले झारखंड जगुआर ने कर्तव्यपथ पर बलिदान देने वाले जवानों के परिवारों को सम्मानित कर उनका मान बढ़ाया।
18 वर्षों में 24 वीर जवानों का सर्वोच्च बलिदान
पिछले 18 वर्षों के दौरान उग्रवाद उन्मूलन और राज्य में शांति बहाली के मिशन में 24 वीर जवानों और पदाधिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। इन शहीदों के बलिदान ने झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और नक्सल गतिविधियों पर निर्णायक चोट करने में अहम भूमिका निभाई है।
यह भी पढ़ें: सीएम हेमंत सोरेन से अल्पसंख्यक बुद्धिजीवियों की मुलाकात, समस्याओं पर हुई चर्चा
शहीदों के परिजनों को गृह जिलों में किया सम्मानित
झारखंड जगुआर की ओर से शहीदों के परिजनों को उनके गृह जिलों में जाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने परिवारों को शॉल और सम्मान-स्वरूप भेंट देकर उनके त्याग और बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और यह भरोसा दिलाया कि STF हर परिस्थिति में शहीद परिवारों के साथ खड़ी रहेगी।
वीरता और बलिदान को हमेशा रखा जाएगा जीवंत
STF की ओर से कहा गया कि शहीद जवानों की वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और अदम्य साहस झारखंड पुलिस बल के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जाएगा और उनके सपनों के अनुरूप राज्य में शांति व सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लगातार जारी रहेगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।