थप्पड़ से शुरू हुआ विवाद बना हत्या की वजह, दोस्तों ने बैशाखू ग्वाला की जान ली

Meenu | February 18, 2026 | 02:13 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा :पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में बैशाखू ग्वाला हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में मृतक के ही दो दोस्तों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों की पहचान पराय बोदरा उर्फ डुडरु बोदरा (32) और राम गागराई उर्फ बोतल राम गागराई (30) के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक 15 फरवरी को परमसाई गांव के तालाब से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान भुईयांसाई निवासी बैशाखू ग्वाला के रूप में की गई। जांच के बाद हत्या की पूरी कहानी सामने आई।

साथ में शराब पी, रास्ते में हुआ झगड़ा

जांच में पता चला कि बैशाखू को उसके दोस्तों ने मागे परब मनाने के बहाने घर से बुलाया था। तीनों ने साथ बैठकर शराब पी और कालीमाटी गांव की ओर निकल पड़े। इसी दौरान नशे की हालत में बैशाखू ने पराय बोदरा को थप्पड़ मार दिया। बताया जा रहा है कि जवाब में पराय बोदरा ने भी उस पर हमला किया, लेकिन बैशाखू ने दोबारा थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्से में आकर दोनों आरोपितों ने मिलकर बैशाखू को झाड़ियों में पटक दिया।

यह भी पढ़ें :गुमला में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूली बच्चों से भरा ऑटो पलटा, 9 वर्षीय छात्रा की मौत

गला दबाकर हत्या, शव तालाब में फेंका

झाड़ियों में गिरने से बैशाखू गंभीर रूप से घायल हो गया और खून बहने लगा। पुलिस के अनुसार नशे की हालत में दोनों आरोपितों ने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को पास के तालाब में फेंक दिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय

मामले के खुलासे में हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी समेत एसआई सहदेव मंडल, एएसआई यदुनन्दन महतो, सुकलाल टुडू और सत्यलाल राम की अहम भूमिका रही।

Share this news

संबंधित खबरें