Samachar Post रिपोर्टर, रांची : एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (NML) ने रांची में अपनी पहली लेंडर्स मीट का सफल आयोजन किया। होटल लेमन ट्री में आयोजित इस बैठक में पब्लिक और प्राइवेट सेक्टर के प्रमुख बैंकों व वित्तीय संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य कंपनी की वर्तमान स्थिति, भविष्य की विकास योजनाओं और वित्तीय आवश्यकताओं से लेंडर्स को अवगत कराना था।
शीर्ष प्रबंधन की मौजूदगी, बिज़नेस ट्रांसफर पर जानकारी
बैठक की अध्यक्षता एनएमएल के चेयरमैन शिवम श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नवीन जैन, मुख्य वित्तीय अधिकारी गौरव रस्तोगी, एनएमएल हेडक्वार्टर के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न परियोजनाओं के प्रमुख मौजूद रहे। स्वागत भाषण में चेयरमैन ने एनटीपीसी से एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड में बिज़नेस ट्रांसफर की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी और बैंकर्स को लेंडर्स नहीं, बल्कि कंपनी की प्रगति में भागीदार बताया।
विस्तृत प्रेजेंटेशन में रखी गई विकास की रोडमैप
माइन प्लानिंग डिपार्टमेंट के संचित दुआ और सीएफओ गौरव रस्तोगी ने एनएमएल के मौजूदा और भविष्य के बिज़नेस प्लान्स पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इसमें एनटीपीसी से कोयला खदानों के ट्रांसफर की स्थिति, वर्तमान और अनुमानित वित्तीय आंकड़े, साथ ही कैपेक्स के लिए कर्ज की जरूरतों पर प्रकाश डाला गया।
यह भी पढ़ें: भागलपुर में फिर बम की धमकी, समाहरणालय में मचा हड़कंप
रेयर अर्थ और क्रिटिकल मिनरल्स में विस्तार की योजना
बैठक में बताया गया कि एनएमएल केवल कोयला खनन तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि रेयर अर्थ और क्रिटिकल मिनरल्स समेत अन्य खनिज क्षेत्रों में भी विस्तार की योजना पर काम कर रही है। कंपनी का अनुमान है कि वित्तीय वर्ष 2038 तक उसका रेवेन्यू, वित्तीय वर्ष 2025 के लगभग 7700 करोड़ रुपये से चार गुना से अधिक बढ़ जाएगा।
क्रेडिट रेटिंग एजेंसियों की भागीदारी, टर्म लोन के लिए RfP जारी
क्रेडिट रेटिंग एजेंसियों CRISIL रेटिंग्स और CARE रेटिंग्स ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया और कंपनी की क्रेडिट रेटिंग फ्रेमवर्क पर प्रस्तुति दी। बैंकों और वित्तीय संस्थानों द्वारा उठाए गए सभी सवालों का प्रबंधन ने संतोषजनक जवाब दिया। एनएमएल ने 27 जनवरी 2026 को 500 करोड़ रुपये के टर्म लोन के लिए अनुरोध (RfP) जारी करते हुए बैंकों और वित्तीय संस्थानों से बिडिंग में भाग लेने का आग्रह किया।
विकास की दिशा में मजबूत कदम
बैठक की कार्यवाही का संचालन एनएमएल के एडिशनल जनरल मैनेजर (फाइनेंस) अमित प्रकाश ने किया। कंपनी का कहना है कि यह लेंडर्स मीट एनएमएल की मजबूत वित्तीय स्थिति, स्पष्ट विकास रणनीति और भविष्य के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।