Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा जिले के ताराबहाल गांव में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। गांव निवासी नकिम अंसारी ने बेटी की शादी के लिए कर्ज लेकर घर में नकद रकम और सोना-चांदी के जेवर रखे थे, जिन्हें चोरों ने साफ कर दिया।
परिवार के बाहर जाते ही टूट गया ताला
जानकारी के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने घर से बाहर गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर अलमारी खंगाल डाली। परिजनों के अनुसार करीब 2.50 लाख रुपये नकद और लगभग 1.60 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए गए।
यह भी पढ़ें: बच्चा चोरी के शक में युवक की पिटाई, इलाज के दौरान मौत; गांव में फैली सनसनी
लौटने पर मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
परिवार जब वापस लौटा तो घर का दरवाजा टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।
पहले भी हो चुकी है चोरी, ग्रामीणों में आक्रोश
गौरतलब है कि दो महीने पहले इसी परिवार की दुकान में भी चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
मुखिया ने जताई नाराजगी, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
गांव के मुखिया गुल मोहम्मद ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि बेटी की शादी के लिए कर्ज लेकर रखा गया पैसा और जेवर चोरी हो जाना बेहद दुखद और निंदनीय है। उन्होंने प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।