सीमेंट कारोबारी पर फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार

Rupa Kumari | December 18, 2025 | 12:47 PM IST
  • सुपारी देने वाले मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी रांची पुलिस

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : कटहल मोड़ के पास सीमेंट कारोबारी राधेश्याम साहू पर हुए जानलेवा हमले के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गोलीबारी में सीधे शामिल मुख्य आरोपियों में से एक चंदन नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित एसआईटी की कार्रवाई में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चंदन ने हमले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है और उसकी निशानदेही पर अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि सीमेंट कारोबारी को निशाना बनाने की सुपारी किसने दी और इसके पीछे क्या वजह थी।

यह भी पढ़ें: रांची RPF की बड़ी कार्रवाई: 14 किलो गांजा के साथ तीन गिरफ्तार

15 अक्टूबर को हुई थी फायरिंग की वारदात

गौरतलब है कि 15 अक्टूबर की दोपहर कटहल मोड़ के पास दो मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने राधेश्याम साहू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस हमले में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत पल्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उनकी जान बच गई।

जल्द होगा पूरे मामले का खुलासा

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के आधार पर सुपारी देने वाले मास्टरमाइंड तक जल्द पहुंचा जाएगा और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। रांची पुलिस ने साफ किया है कि शहर में आपराधिक घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this news

संबंधित खबरें