Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : पाकुड़ जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पश्चिम बंगाल चेक पोस्ट को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क अतिक्रमण के कारण लगातार खतरनाक होती जा रही है। पाकुड़ से चांदपुर तक जाने वाला यह मार्ग जिले के सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल है, लेकिन सड़क के दोनों ओर किए गए अवैध कब्जों ने इसकी चौड़ाई काफी कम कर दी है।
भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ा हादसों का खतरा
इस सड़क से रोजाना गिट्टी लदे ट्रक, बसें, कार, ऑटो, टोटो और टेंपो गुजरते हैं। सड़क की चौड़ाई कम होने से वाहनों को साइड देने में परेशानी होती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
यह भी पढ़ें: ग्रीजली विद्यालय की लॉन्ड्री यूनिट में बॉयलर विस्फोट, 5 कर्मचारी झुलसे; 2 की हालत नाजुक
सड़क किनारे अवैध दुकानें और नालों पर निर्माण
मुफस्सिल थाना से चांदपुर तक सड़क किनारे ठेले, दुकानें और छोटे होटल अवैध रूप से लगाए गए हैं। कई जगह सरकारी नालों को भरकर पक्का निर्माण कर लिया गया है, जिससे जल निकासी भी बाधित हो रही है।
स्थानीय लोगों में डर, बड़े हादसे की आशंका
स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि अतिक्रमण के कारण कई बार गंभीर दुर्घटनाएं होते-होते बची हैं। समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पूरी तरह जाम और असुरक्षित हो सकती है।
डीसी ने अपनाया सख्त रुख, बनेगी विशेष टीम
जिला उपायुक्त मनीष कुमार ने अतिक्रमण को गंभीर समस्या बताते हुए कहा है कि अवैध कब्जे हटाने के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी और अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस दिया जाएगा।
नोटिस के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा के भीतर कब्जा नहीं हटाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद कुछ जगहों पर नए अतिक्रमण की कोशिशें जारी हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।