Samachar Post डेस्क, रांची : फुटबॉल के दिग्गज लियोनल मेसी और बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान शनिवार को कोलकाता के सॉल्ट लेक (युवा भारती) स्टेडियम में नजर आए। दोनों की मौजूदगी ने स्टेडियम का माहौल उत्साह से भर दिया। मेसी ने इस मौके पर वर्चुअली अपने 70 फीट ऊंचे स्टैच्यू का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री सुजीत बोस और शाहरुख खान भी मौजूद रहे।
प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह
14 साल बाद भारत दौरे पर आए मेसी को एयरपोर्ट और रास्ते में हजारों प्रशंसकों ने “मेसी-मेसी” के नारे लगाकर स्वागत किया। मेसी शनिवार तड़के लगभग 2:26 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे और प्रशंसकों की भीड़ ने उनका स्वागत किया।
यह भी पढ़ें: चाईबासा: जीवन प्रमाण पत्र अपडेट के नाम पर 16.92 लाख की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार
फ्रेंडली मैच और सम्मान
फीफा वर्ल्ड कप 2022 विजेता अर्जेंटीना टीम के कप्तान मेसी शनिवार को युवा भारती स्टेडियम में फ्रेंडली मैच में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वे बंगाल की संतोष ट्रॉफी टीम को सम्मानित करेंगे। इस दौरान मेसी की मुलाकात सीएम ममता बनर्जी, पूर्व क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली और टेनिस दिग्गज लिएंडर पेस से भी होने की संभावना है।
देशभर के दौरे की शुरुआत
कोलकाता कार्यक्रम के बाद मेसी दोपहर को हैदराबाद के लिए रवाना होंगे, जहां राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में प्रदर्शनी मैच खेलेंगे। इस मैच में तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी और राहुल गांधी से मुलाकात भी शामिल है। इसके बाद मेसी मुंबई और दिल्ली का दौरा करेंगे। उल्लेखनीय है कि मेसी 2011 में भी भारत आए थे और उस समय कोलकाता में अर्जेंटीना की कप्तानी में फ्रेंडली मैच खेल चुके हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।