Samachar Post रिपोर्टर, रांची : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शुक्रवार को सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हाल ही में जारी गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची अब भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड की आधिकारिक वेबसाइट पर सर्चेबल फॉर्मेट में उपलब्ध है, जिससे मतदाता अपने और परिजनों के नाम आसानी से खोज सकते हैं।
अन्य राज्यों के मतदाताओं से सहयोग की अपील
सीईओ ने बताया कि जिन लोगों का नाम पिछले पुनरीक्षण में झारखंड की सूची में नहीं था, लेकिन अन्य राज्यों में दर्ज था, वे अपने राज्य की मतदाता सूची में नाम खोजकर संबंधित बीएलओ से संपर्क करें। इसके अलावा, किसी भी सहायता के लिए मतदाता 1950 हेल्पलाइन पर कॉल कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: पाकुड़ के आनंद कुमार भगत को मिलेगा “स्टार एजुकेशन अवॉर्ड 2025”
बीएलओ ऐप में मैपिंग कार्य जारी
रवि कुमार ने बताया कि गहन पुनरीक्षण से पहले बीएलओ ऐप में पूर्व की मतदाता सूची की वर्तमान सूची से मैपिंग की जा रही है। अन्य राज्यों से आए मतदाताओं की मैपिंग मैनुअल रजिस्टर में दर्ज की जाएगी ताकि पुनरीक्षण के दौरान किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूट न जाए।
कड़े निर्देश: पैरेंटल मैपिंग और ASD सूची में कोई लापरवाही नहीं
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जोर देकर कहा कि पैरेंटल मैपिंग, ASD सूची तैयार करते समय भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए। आयोग ने हर स्तर पर निरीक्षण व्यवस्था लागू की है, और अधिकारियों को इन्हीं मानकों के अनुसार काम करना होगा। बैठक के दौरान श्री रवि कुमार ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से विभिन्न निरीक्षण बिंदुओं और मैपिंग प्रक्रिया पर विस्तृत प्रशिक्षण भी दिया।
बैठक में शामिल अधिकारी
इस ऑनलाइन बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, प्रियंका सिंह, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार, सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी, एचडीएम और कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।