ब्रेन ट्यूमर से जूझ रहे 8 वर्षीय जीत को मिलेगी मदद, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिया संज्ञान

Meenu | July 2, 2026 | 04:18 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, दुमका : दुमका जिले के मसलिया प्रखंड निवासी आठ वर्षीय जीत महतो की गंभीर बीमारी और आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने दुमका उपायुक्त को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सरकारी योजनाओं के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित जीत महतो के इलाज के लिए गंभीर बीमारी सहायता योजना सहित उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सरकार को भेजी जाए।

वेल्लोर में चल रहा इलाज

दुमका जिले की सापचाला लखीबाद पंचायत के रहने वाले जीत महतो (यादव) का इलाज इस समय तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित सीएमसी अस्पताल में चल रहा है। जांच में उसके ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित होने की पुष्टि हुई है। चिकित्सकों ने बच्चे की जान बचाने के लिए जल्द ऑपरेशन कराने की सलाह दी है, जिसकी अनुमानित लागत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। जीत के पिता निर्मल महतो दिहाड़ी मजदूर हैं। सीमित आय के कारण परिवार के लिए इलाज का खर्च जुटाना संभव नहीं हो पा रहा था, जिसके बाद उन्होंने सरकार और समाज से मदद की अपील की थी।

मई से बिगड़ने लगी थी तबीयत

परिजनों के अनुसार, 22 मई को जीत को अचानक उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई थी। शुरुआती इलाज पश्चिम बंगाल के आसनसोल में कराया गया, लेकिन 24 जून को उसकी तबीयत दोबारा गंभीर हो गई। इसके बाद उसे वेल्लोर के सीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में ब्रेन ट्यूमर का पता चला। डॉक्टरों ने तत्काल सर्जरी को जरूरी बताया है।

यह भी पढ़ें: दुमका कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट; गोड्डा कोर्ट का भी जिक्र

परिवार को जगी राहत की उम्मीद

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद परिवार को अब सरकारी सहायता मिलने की उम्मीद जगी है। जिला प्रशासन को मामले की जांच कर पात्र योजनाओं के तहत आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है। अब परिजन और स्थानीय लोग प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं, ताकि जीत का इलाज बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके।

Share this news

संबंधित खबरें