सरायकेला में दर्दनाक सड़क हादसा, खराब ट्रेलर से टकराई बाइक; बिजली विभाग के कर्मी की मौत

Rupa Kumari | June 8, 2026

Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला मुख्यालय क्षेत्र में रविवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में बिजली विभाग के 24 वर्षीय कर्मी की मौत हो गई। ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे युवक की बाइक सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रेलर से टकरा गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान गुरु सरदार के रूप में हुई है, जो बिजली विभाग में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, वह ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डीसी कार्यालय के पास टीवीएस शोरूम के समीप उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रेलर से जा टकराई। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें: राज्यसभा नामांकन के अंतिम दिन बढ़ी सियासी हलचल, संजय प्रसाद यादव ने क्रॉस वोटिंग की अटकलों को किया खारिज

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि रात के समय सड़क किनारे खड़ा भारी वाहन स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा था। इसी कारण बाइक चालक ट्रेलर को समय रहते नहीं देख सका और हादसा हो गया। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

विभाग और परिवार में शोक

युवा बिजली कर्मी की असामयिक मौत से विभागीय सहकर्मियों और परिजनों में शोक का माहौल है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख जताते हुए सड़क किनारे खराब वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर जोर दिया है। लोगों का कहना है कि यदि खराब वाहन के पास चेतावनी संकेत, रिफ्लेक्टर या ब्लिंकर लगाए गए होते, तो संभवतः इस हादसे को टाला जा सकता था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें