Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :झारखंड के कोडरमा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। तिलैया थाना क्षेत्र के चित्रगुप्त नगर में NEET-UG की तैयारी कर रही छात्रा रुचि कुमारी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार, रुचि कुमारी ने इस वर्ष NEET-UG परीक्षा दी थी और परीक्षा में अच्छे प्रदर्शन को लेकर आशान्वित थी। हालांकि हाल के दिनों में परीक्षा से जुड़ी खबरों के बाद वह मानसिक रूप से परेशान नजर आ रही थी। रुचि मूल रूप से बिहार के नवादा जिले की रहने वाली थी। वह अपने परिवार के साथ कोडरमा में किराये के मकान में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
यह भी पढ़ें :झारखंड विधानसभा की सीटें 150 करने की मांग, कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र
कमरे में गई, देर तक नहीं निकली
परिजनों ने बताया कि रविवार रात रुचि ने ऑनलाइन परीक्षा देने की बात कहकर अपने कमरे में जाने की जानकारी दी थी। काफी देर तक बाहर नहीं आने और आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद परिवार को चिंता हुई। बाद में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव को लेकर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है।
Reporter | Samachar Post