Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :साकची थाना क्षेत्र के बंगाल क्लब रोड पर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी विपिन शुक्ला को गिरफ्तार करते हुए घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, बंगाल क्लब रोड स्थित अभिषेक जुबली चाय दुकान के पास एक व्यक्ति पर अज्ञात हमलावर द्वारा फायरिंग की गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
यह भी पढ़ें :सरायकेला में हाइवा की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपी की पहचान की
घटना की गंभीरता को देखते हुए साकची थाना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी विपिन शुक्ला की पहचान की और उसकी तलाश तेज कर दी। पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और शहर से फरार होने की तैयारी में था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल, एक मैगजीन और 7.65 एमएम की एक जिंदा गोली बरामद की है।

पूछताछ में कबूल किया अपराध
पूछताछ के दौरान आरोपी ने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते उसने सामने वाले को डराने-धमकाने के उद्देश्य से गोली चलाई थी।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हथियार आरोपी तक कैसे पहुंचा और क्या इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Reporter | Samachar Post

