गिरिडीह में साइबर अपराधी को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर हमला, पथराव में क्षतिग्रस्त हुआ वाहन

Rupa Kumari | June 11, 2026 | 01:36 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में साइबर अपराधी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव में छापेमारी करने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने कथित तौर पर पथराव कर दिया, जिससे पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हंगामे के बीच गिरफ्तार आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। हालांकि इस घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।

देर रात छापेमारी के दौरान हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात करीब एक बजे साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम चिकसोरिया गांव पहुंची थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि कथित साइबर अपराधी चूरामन मंडल गांव में मौजूद है। बताया जा रहा है कि चूरामन मंडल चमलिट्टी गांव का निवासी है और उस समय अपनी ससुराल चिकसोरिया में ठहरा हुआ था। पुलिस ने छापेमारी कर उसे हिरासत में ले लिया था।

यह भी पढ़ें:मानगो जलापूर्ति योजना अंतिम चरण में, एक माह के भीतर शुरू होगी पेयजल आपूर्ति: मेयर सुधा गुप्ता

गिरफ्तारी के बाद जुटी ग्रामीणों की भीड़

आरोपी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि लोगों ने पुलिस टीम का विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान पुलिस वाहन पर जमकर पथराव किया गया, जिससे वाहन के शीशे टूट गए। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा।पुलिस के अनुसार हंगामे और भीड़ का फायदा उठाकर गिरफ्तार आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

कई थानों की पुलिस पहुंची मौके पर

घटना की सूचना मिलने के बाद गांडेय सर्किल के पुलिस अधिकारी और कई थानों की अतिरिक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और क्षेत्र में शांति बहाल कराई। साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन ग्रामीणों द्वारा किए गए विरोध और पथराव के कारण वह फरार हो गया। उन्होंने कहा कि मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि पथराव और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें