खुद कार चलाकर अस्पताल पहुंचे मरीज की मौत, इंजेक्शन के बाद बिगड़ी हालत; रांची सदर अस्पताल में हंगामा

Rupa Kumari | May 7, 2026 | 10:49 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के सदर अस्पताल रांची में एक मरीज की संदिग्ध मौत के बाद हड़कंप मच गया। बुढ़मू निवासी संतोष कुमार की इलाज के दौरान मौत होने पर परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।

पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे थे अस्पताल

परिजनों के अनुसार, संतोष कुमार को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ था। दर्द बढ़ने पर वह खुद कार चलाकर सदर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने के बाद उन्होंने वाहन पार्क किया और इलाज के लिए अंदर गए। परिवार का आरोप है कि डॉक्टरों ने बिना पूरी जांच किए उन्हें इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजनों का कहना है कि संतोष को घबराहट और बेचैनी होने लगी, लेकिन समय रहते गंभीरता नहीं दिखाई गई।

यह भी पढ़ें: डिलीवरी के दौरान महिला और नवजात की मौत, लापरवाही के आरोप में अस्पताल सील

अस्पताल परिसर में ही हुई मौत

आरोप है कि इलाज के दौरान संतोष कुमार ने अस्पताल परिसर में ही दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गुस्साए लोगों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब मरीज खुद चलकर अस्पताल आया था, तो उसकी हालत इतनी गंभीर नहीं लग रही थी। ऐसे में इलाज के तुरंत बाद मौत होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

सिविल सर्जन ने क्या कहा

मामले पर सिविल सर्जन प्रभात कुमार ने कहा कि मरीज पहले से गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचा था। प्राथमिक उपचार के तहत उसे गैस की दवा और सामान्य इंजेक्शन दिया गया था, लेकिन इलाज के दौरान अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। परिजनों ने दोषी डॉक्टरों और अस्पताल कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें