Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के ओरमांझी बाजार में मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से 90 दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को आत्मनिर्भरता, सामाजिक सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शिविर के दौरान बताया गया कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता केवल रोजगार या आय बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके स्वास्थ्य, पोषण, आवास और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना भी उतना ही जरूरी है।
यह भी पढ़ें :रिम्स जमीन घोटाला : ACB ने कोर्ट में दाखिल किया जवाब, 14 मई की सुनवाई अहम
‘आत्मनिर्भरता योजना’ की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में एलएडीसी सहायक वीरेन्द्र प्रताप ने झालसा की ‘आत्मनिर्भरता योजना’ के बारे में लोगों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली महिलाओं की पहचान कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, ताकि उनका जीवन स्तर बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि योजना में आर्थिक सहायता के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, आवास और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दों को भी प्राथमिकता दी गई है।
पेंशन, राशन और मुफ्त कानूनी सहायता पर जोर
शिविर में लोगों को वृद्धा पेंशन, राशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई। जरूरतमंद महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 की भी जानकारी साझा की गई, जहां से जरूरतमंद लोग मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
बाल विवाह और नशा उन्मूलन पर भी दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान डालसा के पीएलवी सदस्यों ने लोगों को बाल विवाह, बाल श्रम, नशा उन्मूलन और डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों से जुड़े कानूनों की जानकारी दी। किरण कुमारी और भूप्रताप महतो ने नालसा की प्रमुख योजनाओं के बारे में बताया और समझाया कि गरीब एवं जरूरतमंद लोग निःशुल्क विधिक सेवा का लाभ कैसे उठा सकते हैं। वहीं षिला तिग्गा और दीपक गंझू ने मजदूर वर्ग और गरीब तबके के लोगों को मजदूर निबंधन कार्ड, वृद्धा पेंशन और उससे मिलने वाले सरकारी लाभों की जानकारी दी।
राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर भी किया जागरूक
डालसा की टीम ने आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी लोगों को जानकारी दी। बताया गया कि 12 सितंबर को आयोजित होने वाली लोक अदालत में कई मामलों का त्वरित और आपसी सहमति से निपटारा किया जा सकेगा। यह कार्यक्रम सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, कुमारी रंजना अस्थाना और अनिल कुमार मिश्रा-I के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। मौके पर डालसा सचिव राकेश रौशन समेत कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में लोगों के बीच पंपलेट और लिफलेट बांटकर जागरूकता संदेश दिया गया।
Reporter | Samachar Post