Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद: धनबाद के झरिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर दिया। कतरास मोड़, सिंह नगर के पास कोयला लदे तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी में जा रहा था परिवार, रास्ते में हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, बलियापुर के निपानिया निवासी शत्रुघ्न महतो अपनी पत्नी ममता देवी और पुत्र संतोष महतो के साथ बाइक से महुदा में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ममता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में शत्रुघ्न महतो और उनके पुत्र संतोष महतो सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें: रांची रेल मंडल में सुरक्षा बढ़ी: 140 कोचों में CCTV कैमरे लगाए गए, 730 और कोच होंगे कवर
आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर कोयला लदे हाइवा की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जाते।
चालक फरार, तलाश जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। फिलहाल धनबाद में इस घटना के बाद लोगों में गुस्सा और डर दोनों का माहौल है, और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।