Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद के पुटकी थाना क्षेत्र स्थित गोपालिचक में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की आउटसोर्सिंग माइंस में बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में सीनियर सुपरवाइजर रामस्वरूप चौहान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वे गोधर इलाके के रहने वाले थे और रोज की तरह ड्यूटी पर गए थे।
यह भी पढ़ें :धनबाद में वारदात की कोशिश नाकाम, तीन नाबालिगों की हिम्मत से भागे आरोपी
भारी वाहन से कुचलकर मौत
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, माइंस के अंदर काम के दौरान एक वोल्वो भारी वाहन ने रामस्वरूप चौहान को कुचल दिया। बताया जा रहा है कि वाहन उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद माइंस में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने आउटसोर्सिंग कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि माइंस में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। धूल और कम दृश्यता के कारण ऐसे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।
कंपनी और पुलिस ने शुरू की जांच
कंपनी इंचार्ज श्री राम पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए जांच की बात कही है। वहीं पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन के अनुसार पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
मुआवजे और कार्रवाई को लेकर नाराजगी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऐसे हादसे पहले भी होते रहे हैं, लेकिन हर बार मुआवजा देकर मामला शांत कर दिया जाता है। लोगों ने इस बार जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Reporter | Samachar Post