Samachar Post डेस्क, रांची :असम में विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है। 126 सीटों पर 722 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो रहा है। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी बढ़त बनाते हुए 47 सीटों पर आगे चल रही है, जिससे NDA गठबंधन मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है। इस बार करीब 85.96% मतदान दर्ज किया गया, जो काफी अहम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें :पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: रुझानों में BJP आगे, TMC 100 सीटों के करीब
सीटों का गणित: NDA को बढ़त
ताजा रुझानों के अनुसार BJP के अलावा अन्य दलों की स्थिति भी सामने आ रही है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस 13 सीटों पर आगे है, जबकि बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट 7 और असम गण परिषद 6 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। असम जातीय परिषद 3 सीटों पर आगे है, जबकि AIUDF को 1 सीट पर बढ़त मिलती दिख रही है। ये आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि शुरुआती रुझान NDA के पक्ष में जा रहे हैं।
जोरहाट सीट पर दिलचस्प मुकाबला
जोरहाट सीट पर हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल रहा है। पहले राउंड की गिनती में BJP के हितेंद्र नाथ गोस्वामी को 4,993 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस के गौरव गोगोई 3,937 वोटों के साथ पीछे चल रहे हैं। हालांकि अभी कई राउंड की गिनती बाकी है, ऐसे में मुकाबला पूरी तरह खुला हुआ है।
गठबंधनों की सीधी टक्कर
इस चुनाव में मुख्य मुकाबला NDA और INDIA गठबंधन के बीच है। NDA में BJP, AGP और UPPL शामिल हैं, जबकि INDIA गठबंधन में कांग्रेस, CPI(M), CPI(ML) और AJP जैसे दल शामिल हैं। इसके अलावा AIUDF और BPF जैसे क्षेत्रीय दल भी चुनावी समीकरण में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस चुनाव में कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा जालुकबाड़ी सीट से मैदान में हैं। वहीं गौरव गोगोई जोरहाट से चुनाव लड़ रहे हैं। अखिल गोगोई सिबसागर से और बदरुद्दीन अजमल भी वापसी की कोशिश में हैं।
रिकॉर्ड मतदान ने बढ़ाई उत्सुकता
इस बार असम में 85.96% मतदान हुआ, जो काफी ज्यादा माना जा रहा है। खासकर महिला मतदाताओं की बड़ी भागीदारी ने चुनाव को और रोचक बना दिया है। अब सभी की नजर अंतिम नतीजों पर टिकी है कि क्या NDA दोबारा सत्ता में वापसी करेगा या INDIA गठबंधन कोई बड़ा उलटफेर करेगा।
Reporter | Samachar Post