Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो: बोकारो जिले में मंगलवार सुबह दामोदर नदी में दर्दनाक हादसा हो गया। बरवाघाट इलाके में नहाने गए तीन छात्रों में से दो छात्र गहरे पानी में डूब गए। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरे की तलाश अब भी जारी है। जानकारी के अनुसार, एलएच आजाद नगर निवासी सन्नी, विष्णु और रवि मंगलवार सुबह स्कूटी से बरवाघाट पहुंचे थे। तीनों छात्र मिड पॉइंट पब्लिक स्कूल के बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, छात्र घर से ट्यूशन पढ़ने की बात कहकर निकले थे, लेकिन बाद में वे दामोदर नदी में नहाने चले गए।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर के भालूबासा में बंद घर में लाखों की चोरी, जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर
नहाने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी में नहाते समय अचानक तीनों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में बहने लगे। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने रवि को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन विष्णु और सन्नी नदी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद विष्णु कांत को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं दूसरे छात्र सन्नी की तलाश अब भी जारी है।
पुलिस और प्रशासन मौके पर
घटना की सूचना मिलने के बाद हरला थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।