Samachar Post डेस्क, रांची: टाटानगर स्टेशन पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक मालगाड़ी के टैंकर पर चढ़ गया था, तभी वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन ओवरहेड तार की चपेट में आ गया। तेज धमाके के साथ वह गंभीर रूप से झुलस गया। रेलवे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बोकारो जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र निवासी नेमनारायण महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास मिले पहचान पत्र के आधार पर शिनाख्त की। परिजनों के अनुसार, नेमनारायण पुणे में ड्राइवर का काम करता था। वह टाटानगर स्टेशन कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी फिलहाल परिवार को भी नहीं है।
टैंकर पर चढ़ते ही हुआ जोरदार ब्लास्ट
घटना सुबह करीब साढ़े तीन बजे प्लेटफॉर्म संख्या-4 के पास हुई। उस समय टैंकर लदी मालगाड़ी ट्रैक पर खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक अचानक टैंकर के ऊपर चढ़ गया और ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। संपर्क होते ही जोरदार धमाका हुआ और युवक बुरी तरह झुलसकर नीचे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद यात्रियों ने आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: मीशू मंडल की गिरफ्तारी पर गरमाई राजनीति, परिजनों से मिले विधायक जयराम महतो
स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद एक बार फिर टाटानगर स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। बीते एक महीने के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना बताई जा रही है। इससे पहले 6 मई को प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ने के दौरान एक युवक हाईटेंशन ओवरहेड तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया था, जिसकी बाद में मौत हो गई थी। वहीं वर्ष 2025 में भी स्टेशन परिसर में इस तरह की दो घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद मालगाड़ियों तक लोगों की पहुंच नहीं रुक पाने से रेलवे सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।