Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :रामगढ़ जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गोला थाना क्षेत्र के बंदा और मुरपा गांव में हाथियों के हमले से तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, सबसे पहले मुरपा गांव में महुआ चुनने जा रहे वृद्ध श्याम देव साव पर हाथियों ने हमला कर दिया। इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हाथियों का झुंड बंदा गांव के बांग्ला भट्ठा क्षेत्र में पहुंच गया, जहां शौच के लिए जा रहे दो मजदूर युगल भुईया और धीरज भुईया पर अचानक हमला कर दिया। दोनों की घटनास्थल पर ही जान चली गई।
यह भी पढ़ें :कोडरमा में हाथियों का कहर: ढाबे में घुसकर कर्मचारी पर हमला, गांव में भारी नुकसान
मौके पर पहुंची टीम, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतकों की पहचान कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लगातार बढ़ते हाथी हमलों को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से हाथियों का खतरा बना हुआ है, लेकिन वन विभाग समय रहते न तो चेतावनी जारी करता है और न ही प्रभावी कदम उठाता है। गोला वन क्षेत्र पदाधिकारी नीलेश पोद्दार ने बताया कि हाथियों के दूसरे जिले में होने की सूचना थी, लेकिन अचानक उनका रुख इस क्षेत्र की ओर हो गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को निर्धारित मुआवजा दिया जाएगा।
गांव में तनाव, सुरक्षा की मांग
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हाथियों को जल्द से जल्द सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर कैंप कर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है।
Reporter | Samachar Post