- एनएच-98 पर मसीहानी के पास हुआ हादसा, गंभीर हालत में मेदिनीनगर रेफर
Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-98 पर हुए सड़क हादसे में नौडीहा और पिपरा के अंचल अधिकारी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सरकारी वाहन को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
घायलों में नौडीहा प्रखंड के सीओ संजय कुमार सिंह, पिपरा प्रखंड के सीओ जितेंद्र कुमार सिंह और चालक रवींद्र कुमार ठाकुर शामिल हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार संजय कुमार सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी है। वहीं जितेंद्र कुमार सिंह का बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया है और उन्हें अंदरूनी चोटें भी आई हैं। चालक रवींद्र कुमार ठाकुर को भी शरीर के कई हिस्सों में चोट लगी है।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा नगर पंचायत की पहली बैठक हंगामे की भेंट, जनप्रतिनिधि-अधिकारी आमने-सामने
बैठक में शामिल होने जा रहे थे अधिकारी
बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारी अपने सरकारी वाहन से मेदिनीनगर जा रहे थे, जहां उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित थी। इसी दौरान मसीहानी के पास यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर चालक मोबाइल पर बात करते हुए तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। सरकारी वाहन सायरन बजाते हुए दाहिनी लेन से जा रहा था, तभी सामने से आकर ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस ने दोनों वाहन जब्त किए
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अवध कुमार यादव मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त वाहन व ट्रेलर को जब्त करने का निर्देश दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ट्रेलर चालक की लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।