Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची खेलों के बुनियादी ढांचे पर भी जोर दे रही है। रांची नगर निगम शहर में पहली बार इंडोर स्टेडियम बना रहा है। यह स्टेडियम वार्ड-3, एदलहातु मोरहाबादी में होगा, जिससे शहर के खिलाड़ियों और आम लोगों दोनों को फायदा मिलेगा। नगर निगम इस प्रोजेक्ट पर लगभग ₹4.09 करोड़ खर्च करेगा। लक्ष्य है कि एक साल के अंदर निर्माण पूरा कर लिया जाए। यह स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और रांची का पहला बड़ा इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनेगा।
यह भी पढ़ें :राजगीर दौरे पर CM-डिप्टी CM की गैरहाजिरी पर सियासत तेज, पप्पू यादव ने उठाए सवाल
चार इंटरनेशनल स्तर के बैडमिंटन कोर्ट
स्टेडियम में चार बैडमिंटन कोर्ट बनाए जाएंगे, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार होंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए वार्मअप एरिया, चेंजिंग रूम, शौचालय और पार्किंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। सिर्फ खेल ही नहीं, पूरे परिसर को आकर्षक बनाने के लिए लैंडस्केपिंग का काम भी कराया जाएगा। रांची में इंडोर बैडमिंटन कोर्ट की संख्या कम है, इसलिए यह प्रोजेक्ट इसकी कमी को पूरा करेगा। इस स्टेडियम की खास बात यह है कि सिर्फ प्रोफेशनल खिलाड़ी ही नहीं, आम लोग भी बैडमिंटन खेल सकेंगे। शुल्क की जानकारी निर्माण पूरा होने के बाद साझा की जाएगी।
कोचिंग और मेंटेनेंस की सुविधा
नगर निगम की योजना है कि स्टेडियम की देखरेख किसी निजी कंपनी को सौंपी जाएगी। खिलाड़ियों के लिए कोचिंग सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को विकसित होने का अवसर मिलेगा। इच्छुक एजेंसियां 2 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन टेंडर भर सकेंगी। टेंडर खोलने की तारीख 18 अप्रैल 2026 तय की गई है, उसके बाद निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी।
खेल संस्कृति को बढ़ावा
नगर निगम अधिकारियों का मानना है कि यह इंडोर स्टेडियम रांची में खेल संस्कृति को बढ़ावा देगा, युवा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शहर में नए टैलेंट को उभरने का मौका मिलेगा।
Reporter | Samachar Post