Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :झारखंड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र स्थित ठेकही अंदग गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सगाई जैसे खुशी के मौके पर दो भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने बड़े भाई की टांगी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। जानकारी के अनुसार, मृतक पिंटू भुईयां चार भाइयों में एक था। परिवार में बड़े भाई के बेटे की सगाई थी, जिसके लिए सभी एकत्र हुए थे। इसी दौरान शराब के नशे में पिंटू और उसके छोटे भाई सीटू भुईयां के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर सीटू भुईयां ने गुस्से में टांगी उठाकर पिंटू पर कई वार कर दिए। हमले में पिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल पिंटू को परिजन तुरंत पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें :भुरकुंडा में पुलिस-अपराधियों की मुठभेड़, राहुल दुबे गैंग का सदस्य सनी सिंह घायल
पुलिस ने शव कब्जे में लिया
घटना के बाद परिजन शव को गांव ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी फरार, पुलिस कर रही छापेमारी
पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि घटना शराब के नशे में हुए विवाद का परिणाम है। आरोपी सीटू भुईयां फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई बाहर ईंट भट्ठे में काम करते थे। सगाई जैसे खुशी के माहौल में हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी सन्नाटा पसरा हुआ है।
Reporter | Samachar Post