Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड के नक्सल प्रभावित रहे बूढ़ा पहाड़ इलाके के नक्सल मुक्त घोषित होने के बाद जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा की, सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और वहां तैनात सुरक्षाबलों का मनोबल बढ़ाया।
जवानों को दिया प्रोत्साहन
दौरे के दौरान मंत्री ने कुल्ही पिकेट प्रभारी प्रदीप सिंह और बूढ़ा पहाड़ पिकेट प्रभारी वीरेंद्र पासवान के कार्यों की सराहना की। उन्होंने अपने निजी स्तर से प्रदीप सिंह को 5,000 रुपये और वीरेंद्र पासवान को 10,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
यह भी पढ़ें: रामगढ़ में हाथियों का तांडव: तीन लोगों को कुचलकर मार डाला
गांवों का किया निरीक्षण
मंत्री ने टेहरी पंचायत के मुखिया बिनको टोप्पो के साथ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान 11 गांवों की स्थिति और वहां चल रही विकास योजनाओं की जानकारी ली गई।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्यों की गति तेज की जाए और सभी योजनाओं को जल्द जमीन पर उतारा जाए। उन्होंने बीडीओ अमित कुमार और सीओ राकेश भूषण सिंह को योजनाओं की नियमित समीक्षा कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
एक साल में बदलेगी तस्वीर
मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि करीब दो दशक पहले वे कुल्ही आए थे और तब से बूढ़ा पहाड़ आने की इच्छा थी। उन्होंने बताया कि यह दौरा हेमंत सोरेन के निर्देश पर किया गया है, ताकि क्षेत्र की जमीनी स्थिति को समझा जा सके। उन्होंने भरोसा जताया कि अगले एक साल में इस इलाके की तस्वीर बदल दी जाएगी। साथ ही कहा कि तीन दशकों तक नक्सल प्रभावित रहा बूढ़ा पहाड़ अब काफी हद तक उग्रवाद से मुक्त हो चुका है, हालांकि इसे पूरी तरह खत्म करने के प्रयास जारी हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।