Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची और आसपास के इलाकों में रसोई गैस की किल्लत बढ़ती जा रही है। इंडेन गैस उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा, जिससे हजारों परिवार प्रभावित हैं। जिले की 44 गैस एजेंसियों में आपूर्ति धीमी होने के कारण करीब 57 हजार बुकिंग पेंडिंग हो गई हैं। स्थिति यह है कि उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर रिफिल के लिए 20 से 30 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में गैस की कमी से रसोई का काम प्रभावित हो रहा है और कई परिवार वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने को मजबूर हैं।
हजारों उपभोक्ता बैकलॉग में
आंकड़ों के मुताबिक, 10 से 20 दिन के बैकलॉग में 12 हजार से अधिक उपभोक्ता फंसे हुए हैं। वहीं 220 से 230 उपभोक्ताओं की बुकिंग 30 दिन से ज्यादा समय से लंबित बताई जा रही है। सबसे अधिक बैकलॉग वाली एजेंसियों में आनंद गैस सर्विस, झलक इंडेन, इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी, जयंत गैस कंपनी, अदिति इंडेन, अल्फा इंडेन और उरांव गैस शामिल हैं। इनमें हजारों बुकिंग लंबित होने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में कुएं से दो नाबालिग लड़कियों के शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी
उपभोक्ताओं में नाराजगी, प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
लोगों का कहना है कि समय पर बुकिंग करने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल रहा और एजेंसियों से स्पष्ट जवाब भी नहीं दिया जा रहा। विशेषज्ञों का मानना है कि आपूर्ति जल्द नहीं सुधरी तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।