Samachar Post डेस्क, रांची: कोलकाता आनंदलोक अस्पताल में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग अस्पताल की दूसरी मंजिल पर लगी, जिसके बाद पूरे वार्ड में काला धुआं फैल गया। स्थिति को देखते हुए भर्ती करीब 70 मरीजों को तुरंत बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एयर कंडीशनिंग यूनिट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। धुआं तेजी से वार्डों में फैलने लगा, जिससे मरीजों और अस्पताल स्टाफ में घबराहट फैल गई। अस्पताल प्रशासन और इमरजेंसी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मरीजों को बाहर निकाला। कुछ मरीजों को सलाइन और मेडिकल सपोर्ट के साथ ही अस्पताल के बाहर सड़क पर बैठाया गया, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
यह भी पढ़ें: पटना में ड्रग्स का बड़ा भंडाफोड़: 1.25 करोड़ की नशीली दवा और एंटी स्नेक वेनम बरामद
लिफ्ट बंद, दूसरी बिल्डिंग में शिफ्ट
सुरक्षा कारणों से लिफ्ट तुरंत बंद कर दी गईं और मरीजों को सीढ़ियों के जरिए बाहर निकाला गया। बाद में उन्हें पास के डीएल ब्लॉक स्थित अस्पताल की दूसरी शाखा में शिफ्ट किया गया। घटना के समय अस्पताल में 70 मरीज भर्ती थे और दिनभर में 15 सर्जरी निर्धारित थीं।
दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और दो दमकल इंजनों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने खिड़कियां तोड़कर धुआं बाहर निकाला और जल्द ही आग पर काबू पा लिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी मरीज सुरक्षित हैं। समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।