Samachar Post रिपोर्टर,खूंटी :झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार का दिन कई दर्दनाक घटनाओं के कारण बेहद दुखद रहा। तोरपा अनुमंडल क्षेत्र में अलग-अलग हादसों में कुल 6 लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है। सबसे दर्दनाक घटना तोरपा थाना क्षेत्र के गुफु बड़काटोली गांव में हुई, जहां तालाब में डूबने से तीन बच्चों की जान चली गई। मृतकों में सगे भाई जयसन गुड़िया (6 वर्ष), निमिसन गुड़िया (6 वर्ष) और डेबित गुड़िया (6 वर्ष) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे स्कूल से लौटने के बजाय खेलने के लिए तालाब के पास चले गए थे। नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तालाब किनारे कपड़े मिलने के बाद ग्रामीणों की मदद से बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह वॉटरफॉल में डूबने से समस्तीपुर के युवक की मौत, दोस्त के साथ घूमने आया था
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
सड़क हादसे में 2 सगे भाइयों की मौत
इसी दिन दूसरी बड़ी घटना रनिया थाना क्षेत्र के सर्वो घाटी में हुई। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में बाबर खान (30) और शाहनवाज खान (26) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक चावल से लदा हुआ था और अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक पलट गया और दोनों युवक उसके नीचे दब गए।
इलाके में मातम, जांच जारी
दोनों घटनाओं के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और हादसों के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Reporter | Samachar Post