Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :झारखंड के जमशेदपुर में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी का खुलासा किया है। सोनारी थाना पुलिस ने मरीन ड्राइव स्थित डोबो पुल के पास छापेमारी कर एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 43 पुड़िया ब्राउन शुगर और करीब 6,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में भारती कैवर्तों (40), उसका बेटा विशाल कैवर्तों (20), ऋषभ साहू (29) और कुमार बहादूर (32) शामिल हैं।
यह भी पढ़ें :विष्णुगढ़ कांड पर सियासत तेज, भाजपा नेता पर आरोप के बाद झामुमो का प्रदर्शन
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
डीएसपी मनोज ठाकुर के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डोबो पुल के पास कुछ लोग नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के लिए जुटने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर मौके से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी भारती कैवर्तों पहले भी ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है। उसके खिलाफ सीतारामडेरा और जुगसलाई थाना में पहले से केस दर्ज हैं।
वायरल वीडियो से खुला राज, सभी आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस के अनुसार, हाल ही में आरोपियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री करते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की और आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
Reporter | Samachar Post