Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची में 12 अप्रैल को होने वाली झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त तरीके से कराने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर शुक्रवार रात पूरे जिले में बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस टीमों ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक होटल, लॉज, गेस्ट हाउस, धर्मशाला और रेस्टोरेंट में एक साथ छापेमारी की। वहां ठहरे लोगों की पहचान की जांच की गई, विजिटर रजिस्टर और दस्तावेजों को बारीकी से सत्यापित किया गया। जहां अनियमितता मिली, वहां संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी व्यक्ति परीक्षा में गड़बड़ी फैलाने के उद्देश्य से जिले में न रुका हो।
यह भी पढ़ें :धनबाद में BCCL अफसरों पर हमला, कोयला माफिया के खिलाफ कार्रवाई तेज
स्टेशन और बस स्टैंड पर निगरानी
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे संवेदनशील स्थानों पर भी सघन चेकिंग की गई। यात्रियों की पहचान की जांच के साथ-साथ हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने और कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा तक जारी रहेगा अभियान
पुलिस ने बताया कि यह सर्च ऑपरेशन परीक्षा समाप्त होने तक जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल 112 पर दें।
Reporter | Samachar Post