Samachar Post रिपोर्टर,दुमका :झारखंड के दुमका जिले में अंडर-19 क्रिकेट टीम और रणजी ट्रॉफी में चयन का सपना दिखाकर एक शिक्षक से करीब 1 करोड़ रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी किसलय पल्लव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला दुमका नगर थाना क्षेत्र का है। 12 अक्टूबर 2025 को सरकारी शिक्षक बुलबुल कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बख्शी बांध निवासी किसलय पल्लव ने उनके बेटे आशुतोष आनंद को भारतीय अंडर-19 टीम और रणजी ट्रॉफी में खिलाने का झांसा दिया। आरोपी के झांसे में आकर शिक्षक ने उसे किस्तों में कुल 1 करोड़ रुपये दे दिए, जिसमें 50 लाख नकद और 50 लाख ऑनलाइन ट्रांसफर शामिल थे।
यह भी पढ़ें :पलामू में भाई ने भाई की ली जान: सगाई समारोह में शराब के नशे में टांगी से हत्या, आरोपी फरार
फर्जी लेटर से बनाया भरोसा
पैसे लेने के बाद आरोपी ने बीसीसीआई के ज्वाइंट डायरेक्टर के नाम से एक फर्जी लेटर दिया। इस लेटर में अंडर-19 टीम में चयन का दावा किया गया था और उस पर बीसीसीआई का लोगो भी लगा था। जब परिवार ने जांच की, तो पता चला कि लेटर पूरी तरह फर्जी है और आशुतोष का नाम कहीं दर्ज नहीं है। शिकायत के आधार पर नगर थाना में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। करीब छह महीने की छानबीन के बाद पुलिस ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शिकायतकर्ता की हो चुकी है मौत
इस मामले का दुखद पहलू यह है कि शिकायतकर्ता शिक्षक बुलबुल कुमार की बीमारी के कारण पहले ही मौत हो चुकी है। बेटे के सपनों के लिए उन्होंने जो रकम दी, उसका इंसाफ मिलने से पहले ही उनका निधन हो गया।
पुलिस कर रही आगे की जांच
दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस ठगी में और कितने लोग शामिल हैं और कितने लोग इसका शिकार बने हैं।
Reporter | Samachar Post