Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : झारखंड के धनबाद में सोनारडीह भू-धसान के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। सदर अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे के नेतृत्व में अवैध कोयला खनन के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान में माइनिंग विभाग, पुलिस और बीसीसीएल की संयुक्त टीम शामिल रही। छापेमारी के दौरान अंचल अधिकारी गिरजनंद किस्कू, बीसीसीएल कतरास क्षेत्र के अधिकारी, कतरास और तेतुलमारी थाना पुलिस सहित बड़ी संख्या में सुरक्षाबल तैनात रहे।
कई इलाकों में एक साथ छापेमारी
प्रशासन ने गजली टांड, रामकनाली के सूर्य मंदिर क्षेत्र और तेतुलमारी के खास सिजुआ समेत कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान अवैध रूप से निकाले गए कोयले और खनन में इस्तेमाल हो रहे वाहनों को जब्त किया गया। SDM लोकेश बारंगे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जहां-जहां अवैध खनन के मुहाने मौजूद हैं, उन्हें तुरंत भरवाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि हर कार्रवाई की फोटो और वीडियो के साथ विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जमा की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें: चाईबासा में मुर्गा विवाद ने लिया खूनी रूप: कुल्हाड़ी-लाठी से चाचा की हत्या, भतीजा गिरफ्तार
भू-धसान के बाद बढ़ी सख्ती
सोनारडीह में हुए भू-धसान के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार अभियान चलाकर अवैध खनन पर रोक लगाने की तैयारी की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके। स्थानीय लोगों का मानना है कि अगर इसी तरह सख्ती जारी रही, तो क्षेत्र में अवैध खनन पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।