Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद :धनबाद से भाजपा सांसद ढुलू महतो एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। मामला धनबाद-एलटीटी एक्सप्रेस से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि 6 अप्रैल की रात उन्होंने धनबाद स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद वे अपने समर्थकों और सुरक्षा कर्मियों के साथ ट्रेन में सवार होकर कतरास स्टेशन तक गए।
महिला बोगी में चढ़ने का आरोप
रिपोर्ट्स के अनुसार ट्रेन के इंजन के ठीक पीछे स्थित पहला कोच महिला आरक्षित बोगी था। आरोप है कि ट्रेन खुलने के बाद सांसद उसी कोच में चढ़ गए और गेट पर खड़े होकर मीडिया से बातचीत भी की। यही तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद शुरू हुआ।
सोशल मीडिया पर घमासान, RPF ने शुरू की जांच
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर इस मुद्दे को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कांग्रेस नेता अशोक प्रकाश लाल ने पोस्ट कर सवाल उठाया कि क्या यह भारतीय रेलवे अधिनियम 1989 की धारा 162 का उल्लंघन है और क्या इस पर कार्रवाई होगी। मामला बढ़ने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने जांच शुरू कर दी है। RPF के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सांसद कतरास स्टेशन पर भी ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के उद्देश्य से ट्रेन में सवार हुए थे। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि महिला कोच में उनका प्रवेश किन परिस्थितियों में हुआ।
नियमों को लेकर छिड़ी बहस
इस घटना के बाद महिला कोच से जुड़े रेलवे नियमों पर बहस तेज हो गई है। आम तौर पर महिला बोगी महिलाओं के लिए आरक्षित होती है और पुरुष यात्रियों का उसमें प्रवेश प्रतिबंधित रहता है। ऐसे में सांसद की मौजूदगी को नियम उल्लंघन के रूप में देखा जा रहा है। विपक्ष इस मुद्दे को महिलाओं के अधिकारों और नियमों के उल्लंघन से जोड़ रहा है। वहीं, समर्थकों का कहना है कि सांसद केवल औपचारिक कार्यक्रम के तहत कतरास तक गए थे, इसलिए मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।
अब जांच रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल मामला प्रशासनिक जांच में है। अब सभी की नजर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की अंतिम रिपोर्ट और रेलवे प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
Reporter | Samachar Post