Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :झारखंड के केंदुआडीह थाना क्षेत्र के केंदुआ-झरिया मुख्य मार्ग पर कोयला तस्करों का दुस्साहस सामने आया है। कुमार मंगलम स्टेडियम के पास स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर अनुज कुमार और उनकी पत्नी काजल कुमारी के साथ मारपीट की गई। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सब इंस्पेक्टर अनुज कुमार अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से झरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी हाइवा गाड़ियों से कोयला उतार रहे तस्करों से उनका विवाद हो गया। उन्होंने बस रास्ता मांगा था, लेकिन बात झगड़े में बदल गई।
यह भी पढ़ें :सारंडा जंगल में IED ब्लास्ट, CRPF जवान घायल, एयरलिफ्ट की तैयारी
दारोगा और पत्नी पर हमला
विवाद हिंसक रूप ले गया और कोयला तस्करों ने अनुज कुमार पर हमला कर दिया। उनकी पत्नी काजल कुमारी बीच-बचाव करने आईं, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। हमले में अनुज कुमार की पीठ पर गंभीर चोट आई, जबकि उनकी पत्नी के पैर और शरीर पर चोट के निशान हैं। काजल कुमारी ने बताया कि तस्करों ने उनका मोबाइल वीडियो बनाने पर छीनकर फेंक दिया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को हमलावरों से बचाया गया।
पुलिस मौके पर, आरोपी फरार
सूचना मिलते ही स्पेशल ब्रांच के डीएसपी संतोष कुमार मिश्रा, अनूप कुमार महतो और केंदुआडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी पहले ही फरार हो चुके थे। केंदुआडीह थाना के एएसआई राजू मुंडा ने बताया कि अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, केवल इंज्यूरी रिपोर्ट जमा कराई गई है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
Reporter | Samachar Post