Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी ईसीएल को नया तकनीकी निदेशक मिलने जा रहा है। पीईएसबी ने सीसीएल के मगध-संघमित्रा क्षेत्र के जीएम चितरंजन कुमार के नाम की सिफारिश की है। अब यह प्रस्ताव मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति के पास जाएगा। मंजूरी मिलते ही वे ईसीएल में निदेशक (तकनीकी) का पद संभालेंगे। निदेशक (तकनीकी) के रूप में चितरंजन कुमार पर कंपनी के उत्पादन को बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, नई तकनीकों को लागू करने और विस्तार परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी। उनके अनुभव से कंपनी को संचालन और उत्पादन दोनों स्तरों पर मजबूती मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें :सीसीएल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 21 अधिकारियों का ट्रांसफर-पोस्टिंग
बीआईटी सिंदरी से कोल इंडिया तक का सफर
चितरंजन कुमार BIT के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने 1991 में अपनी पढ़ाई पूरी की और 1992 में कोल इंडिया में करियर की शुरुआत की। उनकी पहली पोस्टिंग राजमहल एरिया में हुई थी। इसके बाद उन्होंने BCCL में भी अहम जिम्मेदारियां निभाईं। वे बरोरा, ब्लॉक-टू और सिजुआ एरिया में जीएम पद पर रह चुके हैं।
सीनियर अधिकारियों को पीछे छोड़ हासिल किया पद
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में हुए इंटरव्यू में उन्होंने 11 वरिष्ठ अधिकारियों को पीछे छोड़ते हुए यह महत्वपूर्ण पद हासिल किया। इससे उनकी तकनीकी दक्षता और अनुभव पर भरोसा जाहिर होता है।
कोल सेक्टर की चुनौतियों का गहरा अनुभव
वर्तमान में चितरंजन कुमार सीसीएल के मगध-संघमित्रा क्षेत्र में क्षेत्रीय महाप्रबंधक हैं। उन्हें ओपनकास्ट खनन, उत्पादन बढ़ाने और समय पर परियोजनाएं पूरी करने का व्यापक अनुभव है। ईसीएल का रानीगंज कोलफील्ड देश के सबसे पुराने कोलफील्ड्स में से एक है, जहां अंडरग्राउंड खनन, आग और धंसान जैसी चुनौतियां बनी रहती हैं। ऐसे में उनका अनुभव कंपनी के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पीईएसबी की चयन प्रक्रिया में कोल इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे, जिनमें कार्यकारी निदेशक, जीएम स्तर के अधिकारी और अन्य अनुभवी उम्मीदवार शामिल थे।
Reporter | Samachar Post