Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा : झारखंड के चाईबासा अंतर्गत पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जानुमबेड़ा गांव से उद्यान महाविद्यालय तक जाने वाली जर्जर सड़क का अब कायाकल्प किया जाएगा। इस सड़क को पीसीसी पथ में बदला जाएगा, जिसके लिए 3 करोड़ 91 लाख 31 हजार 800 रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है।
9 महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य
यह सड़क निर्माण कार्य डीएमएफटी (DMFT) फंड से कराया जाएगा। योजना के अनुसार, सड़क अगले 9 महीनों में बनकर तैयार हो जाएगी। नई सड़क बनने के बाद छात्रों, किसानों और स्थानीय लोगों को आवाजाही में काफी सुविधा मिलेगी। इस सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर विधायक दशरथ गागराई ने 10 मार्च को विधानसभा के बजट सत्र में शून्यकाल के दौरान मुद्दा उठाया था। स्वीकृति मिलने के बाद उन्होंने सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह वॉटरफॉल में डूबने से समस्तीपुर के युवक की मौत, दोस्त के साथ घूमने आया था
15 वर्षों से जर्जर थी सड़क
जानुमबेड़ा से उद्यान महाविद्यालय तक जाने वाली यह सड़क पिछले करीब 15 वर्षों से खराब हालत में थी। सड़क की पिच पूरी तरह उखड़ चुकी थी, जगह-जगह गड्ढे बन गए थे, बारिश में जलभराव और गर्मी में धूल की समस्या, दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था इस कारण स्थानीय लोगों और छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
राज्य का इकलौता उद्यान महाविद्यालय
खूंटपानी के बिंज स्थित यह उद्यान महाविद्यालय बिरसा कृषि विश्वविद्यालय का अंगीभूत कॉलेज है, जिसे 18 अक्टूबर 2012 को स्थापित किया गया था। यह झारखंड का एकमात्र उद्यान महाविद्यालय है, जहां छात्रों की पढ़ाई के साथ-साथ किसानों के लिए शोध, प्रशिक्षण और प्रदर्शन कार्यक्रम भी संचालित होते हैं। सड़क की खराब स्थिति को लेकर छात्रों ने कई बार प्रदर्शन किया था। मीडिया में भी यह मुद्दा उठाया गया था। अब मंजूरी मिलने के बाद लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।