Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो: बोकारो ट्रेजरी से जुड़े करोड़ों रुपये के घोटाले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच के दौरान पता चला है कि 25 महीनों में कुल 63 बार रकम निकाली गई। शुरुआती तौर पर 3.15 करोड़ रुपये का मामला अब बढ़कर 4.29 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। मामले की जांच जारी है। बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने कहा कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
वेतन मद के नाम पर हुआ घोटाला
जांच में सामने आया है कि मई 2024 से मार्च 2026 के बीच पुलिस उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह के नाम पर वेतन मद से लगातार राशि निकाली गई। हालांकि यह रकम सरकारी नियमों के अनुसार खर्च नहीं की गई। निकाली गई राशि को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किया गया, जो स्पष्ट रूप से अनियमितता दर्शाता है।
यह भी पढ़ें: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
पत्नी के खाते में ट्रांसफर हुई रकम
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि निकाली गई राशि पुलिस विभाग के अकाउंटेंट कौशल कुमार पांडेय ने अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर कराई। मामला सामने आते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कौशल कुमार पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
डीसी के निर्देश पर तेज हुई जांच
मामला उजागर होने के बाद उपायुक्त अजय नाथ झा ने जांच तेज कर दी। अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई और सभी पहलुओं की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया। शुरुआती जांच में कई गड़बड़ियां सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है।
खातों को फ्रीज करने का निर्देश
अनियमितता सामने आने के बाद संबंधित बैंक खातों को फ्रीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही विभागीय कार्रवाई भी चल रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। प्रशासन का मानना है कि इतना बड़ा घोटाला किसी एक व्यक्ति द्वारा संभव नहीं है। इसलिए जांच टीम बैंक खातों, लेनदेन और दस्तावेजों की जांच कर रही है। संभावना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।