Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र स्थित कालीबाड़ी चौक में गुरुवार को एक चार मंजिला मकान के स्टोर रूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह मकान और दुकान पशुपतिनाथ टिबड़ेवाल का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, परिवार पहली मंजिल पर रहता है, जबकि भूतल पर दुकान संचालित होती है। चौथी मंजिल की छत पर बने स्टोर रूम में घर और दुकान से जुड़ा कबाड़ सामान रखा हुआ था।
पड़ोसियों ने दी सूचना, तब तक फैल चुकी थी आग
मकान मालिक के अनुसार, उन्हें पड़ोसियों ने फोन कर छत पर आग लगने की जानकारी दी। जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और तेज धुआं निकल रहा था। परिजनों ने पहले खुद ही पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा रेल साइडिंग कर्मियों की हड़ताल, बकाया वेतन नहीं मिलने से कोयले की ढुलाई ठप
फायर ब्रिगेड की टीम ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि स्टोर रूम में तेल से भरा जनरेटर, इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड और तार रखे हुए थे, जिससे आग तेजी से फैल गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन स्टोर में रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। इस घटना ने एक बार फिर शहर में अग्नि सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर फायर ब्रिगेड के पहुंचने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।