Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड में लंबे इंतजार के बाद आज आखिरकार झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) का आयोजन किया जा रहा है। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही राज्यभर के परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई और कई अभ्यर्थी तय समय से पहले ही अपने केंद्रों पर पहुंच गए।
यह भी पढ़ें :पलामू में सनसनी: नग्न अवस्था में मिला व्यापारी विनीत तिवारी का शव, हत्या की आशंका
एक ही पाली में परीक्षा, सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक
यह परीक्षा आज एक ही पाली में आयोजित की जा रही है, जो सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी। करीब 1 लाख 75 हजार अभ्यर्थी इसमें शामिल हो रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर जहां उत्साह दिख रहा है, वहीं उम्मीदवारों के चेहरों पर गंभीरता भी साफ नजर आ रही है।
6 जिलों में 430 परीक्षा केंद्र, रांची में सबसे ज्यादा
इस बार परीक्षा के लिए राज्य के 6 जिलों में कुल 430 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 117 केंद्र रांची में बनाए गए हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है ताकि परीक्षा सुचारू रूप से आयोजित की जा सके।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, नकल पर सख्ती
परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त कराने के लिए हर केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई है और मजिस्ट्रेट लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो। परीक्षा के दौरान अव्यवस्था रोकने के लिए सभी केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत यह आदेश सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान अनावश्यक भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक रहेगी।
प्रशासन की अपील, समय से पहले पहुंचें अभ्यर्थी
मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
Reporter | Samachar Post