Samachar Post रिपोर्टर,रांची :योगेंद्र साव को मुख्यमंत्री पर लगातार टिप्पणी करना महंगा पड़ गया। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें 3 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इस फैसले की जानकारी प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने दी। कांग्रेस की अनुशासन समिति ने योगेंद्र साव की लगातार बयानबाजी को गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लिया। पार्टी ने साफ कहा कि कोई भी नेता अगर संगठन या गठबंधन की छवि को नुकसान पहुंचाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पार्टी ने योगेंद्र साव के बयानों से खुद को अलग करते हुए स्पष्ट किया कि ये उनके निजी विचार हैं। कांग्रेस का कहना है कि हर मुद्दे के लिए मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है और राज्य में गठबंधन सरकार मजबूती से काम कर रही है।
यह भी पढ़ें :धनबाद में बड़ा खुलासा: 8 महीने बाद थाने पहुंचे शख्स की जब्त बाइक गायब
निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
कांग्रेस ने यह भी कहा कि जिस मुद्दे को लेकर विवाद हुआ, उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पार्टी चाहती है कि प्रशासन पूरे मामले की सच्चाई सामने लाए। इधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि योगेंद्र साव की भाषा और बयानबाजी को देखते हुए यह कार्रवाई स्वाभाविक है। इस घटनाक्रम के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस के इस फैसले को पार्टी अनुशासन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
Reporter | Samachar Post