Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा: जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के विशनीडीह गांव में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भतीजे के तिलक समारोह में मिली नई बाइक से हुए एक्सीडेंट में 35 वर्षीय संटू राम की मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार और गांव में खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया।
तिलक की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं
जानकारी के अनुसार संटू राम अपने बड़े भाई के बेटों सुमित और शैलेश के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए बेंगलुरु से गांव आए थे। शुक्रवार की रात दोनों भतीजों का तिलक समारोह पूरे उत्साह और खुशी के साथ संपन्न हुआ। तिलक में लड़की पक्ष की ओर से सुमित को नई बुलेट बाइक और शैलेश को अपाचे बाइक दी गई थी। परिवार में शादी की तैयारियों को लेकर काफी उत्साह था, लेकिन अगले ही दिन यह खुशी एक बड़े हादसे में बदल गई।
यह भी पढ़ें : सांसद प्रतिनिधि भोला पांडेय के स्वागत में जुटे भाजपा कार्यकर्ता, महिला मोर्चा ने किया सम्मान समारोह
पंडित और नाई को छोड़ने गए थे बाजार
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह संटू राम तिलक समारोह में आए पंडित और नाई को भतीजे सुमित की नई बुलेट बाइक से बासोडीह बाजार छोड़ने गए थे। दोनों को बाजार छोड़ने के बाद जब वे वापस घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
पुल की रेलिंग से टकराई बाइक
जानकारी के मुताबिक मरचोई सकरी नदी पर बने पुल के पास बाइक अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि संटू राम गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया है।
घर में शादी की तैयारी, अब छाया मातम
बताया जा रहा है कि संटू राम के भतीजे सुमित की शादी 9 मार्च को बिहार के अंधरवारी में तय थी, जबकि दूसरे भतीजे शैलेश राजवंशी की शादी 11 मार्च को नवादा जिले के हिसुआ में होने वाली थी। शादी की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।