Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची में RTE के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एडमिशन प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में 25% आरक्षित सीटों पर दाखिला दिलाने के लिए अब ऑनलाइन लॉटरी की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस बार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रही। अभिभावकों ने rteranchi.in पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया। आवेदन 16 फरवरी से शुरू हुए थे और अभिभावकों की मांग पर अंतिम तिथि 15 मार्च से बढ़ाकर 22 मार्च कर दी गई थी।
यह भी पढ़ें :गढ़वा में हाईटेक पढ़ाई की शुरुआत, रोबोट डॉग देख छात्रों में बढ़ा उत्साह
1499 आवेदन, 3908 विकल्प
जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष कुल 1499 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदकों ने मिलकर 3908 स्कूल विकल्प चुने हैं। जिले के 117 निजी स्कूलों में कुल 1161 सीटों पर एडमिशन होना है। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
26 मार्च तक दस्तावेज जांच
अब अगला चरण दस्तावेज सत्यापन का है। आय, निवास और जाति प्रमाण पत्र की जांच 26 मार्च 2026 तक पूरी की जाएगी। यह जांच एसडीओ, बीडीओ, सीओ, नगर निगम, सिविल सर्जन और RIMS के प्रतिनिधियों द्वारा ऑनलाइन की जा रही है।
लॉटरी से होगा चयन
दस्तावेज जांच के बाद चयन प्रक्रिया कंप्यूटराइज्ड ऑनलाइन लॉटरी के जरिए होगी। इसकी तारीख जल्द घोषित की जाएगी। जिला प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया गया है, ताकि जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिल सके।
अभिभावकों के लिए जरूरी जानकारी
अभिभावक अपने आवेदन की स्थिति rteranchi.in पोर्टल पर चेक कर सकते हैं। किसी भी समस्या या शिकायत के लिए जिला प्रशासन के व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर संपर्क किया जा सकता है।
Reporter | Samachar Post