Samachar Post रिपोर्टर, रांची : ईद और सरहुल को लेकर रांची में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। शनिवार सुबह 6 बजे से रात 12:30 बजे तक शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। वहीं दोपहर 12 बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा।
सरहुल शोभायात्रा का रूट
सरहुल की शोभायात्रा शहर के प्रमुख इलाकों से होकर गुजरेगी। यह यात्रा कांके रोड, रातू रोड और बोड़ेया रोड से निकलकर रेडियम चौक, शहीद चौक, अलबर्ट एक्का चौक और मेन रोड होते हुए सुजाता चौक पहुंचेगी। इसके बाद मुंडा चौक से सिरमटोली स्थित सरना स्थल तक जाएगी। अन्य इलाकों नामकुम, खूंटी रोड, बिरसा चौक और डोरंडा से आने वाली शोभायात्राएं भी ओवरब्रिज और सुजाता चौक के रास्ते सरना स्थल पहुंचेंगी। वहीं अरगोड़ा और हरमू क्षेत्र की यात्रा कडरू, बिग बाजार और मुंडा चौक होते हुए आगे बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें: टाटा स्टील कर्मचारियों को बड़ी राहत: 20 लाख तक ग्रेच्युटी टैक्स फ्री, इससे ऊपर देना होगा टैक्स
इन रूटों पर रहेगा ट्रैफिक बंद
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कई प्रमुख मार्गों पर आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी, जिनमें शामिल हैं, एसएसपी आवास चौक से कचहरी चौक और शहीद चौक, जाकिर हुसैन पार्क से कमिश्नर चौक और रेडियम चौक, अपर बाजार से शहीद चौक और मेन रोड, चडरी तालाब से अलबर्ट एक्का चौक, थड़पखना, पुरुलिया रोड, चर्च रोड और विष्णु सिनेमा रोड, कर्बला, पीपी कंपाउंड, राजेंद्र चौक और पटेल चौक के आसपास के इलाके, इसके अलावा मेन रोड में रतन पीपी से गुप्ता भंडार तक पूरी तरह ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा।
हरमू और बाइपास क्षेत्र में भी असर
हरमू बाइपास रोड पर किशोरगंज चौक से रातू रोड चौक के बीच दोनों ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। हालांकि छोटे वाहन किशोरगंज चौक से लेक रोड होकर अपर बाजार जा सकेंगे।
वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था
लोगों की सुविधा के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक रूट तय किए हैं, सर्जना चौक से डंगराटोली, कांटाटोली और बहुबाजार अलबर्ट एक्का चौक से डोरंडा जाने वाले वाहन सर्जना चौक के रास्ते जा सकेंगे।
पार्किंग की विशेष व्यवस्था
भीड़ और जाम से बचने के लिए शहर में पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है:
- महात्मा गांधी मार्ग पर सैनिक मार्केट
- काली मंदिर चौक टैक्सी स्टैंड
- अलबर्ट एक्का चौक के पास
- हरमू बाइपास पर गोशाला के समीप
ट्रैफिक पुलिस की अपील
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और डायवर्जन का पालन करें। अनावश्यक रूप से बंद मार्गों पर जाने से बचें, ताकि जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके और शहर में व्यवस्था बनी रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।