Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में घर से सोने के जेवर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्ना जायसवाल (58), उमंग कुमार साहू (28) और सूजल कुमार (19) के रूप में हुई है, जबकि एक नाबालिग को पुलिस ने डिटेन किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए सोने के आभूषण और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि चोरी की वारदात 25 मार्च को हुई थी, जिसके बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
यह भी पढ़ें :बहरागोड़ा में घने कोहरे का कहर: खड़े टैंकर से टकराई कार, युवक गंभीर
नाबालिग से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में अहम जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और चोरी का सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने की अंगूठी, चेन, कान के फूल (दो जोड़े), झुमका और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मुन्ना जायसवाल के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं। वहीं, नाबालिग का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस पूरे मामले का खुलासा लालपुर थाना पुलिस ने किया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को सुलझाया।
Reporter | Samachar Post