Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद से रांची तक पुलिस कार्रवाई तेज हो गई है। राजधानी के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग और हत्या के मामले में पुलिस ने प्रिंस खान गैंग के एक घायल शूटर को धनबाद से रांची शिफ्ट किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर फायरिंग के साथ हत्या में शामिल होने का भी आरोप है। मामले में पूछताछ के लिए उसे कड़ी सुरक्षा के बीच रांची लाया गया है।
यह भी पढ़ें :धनबाद: ईसीएल क्वार्टर में युवक की संदिग्ध मौत, खून से लथपथ मिला शव
मुठभेड़ में घायल हुए थे आरोपी
जानकारी के मुताबिक, 16 मार्च को धनबाद के भागाबांध इलाके में पुलिस और प्रिंस खान गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान तीन अपराधी घायल हो गए थे। इनमें पलामू के चैनपुर निवासी अमन सिंह उर्फ मनीष उर्फ कुबेर, वासेपुर के लाला टोला निवासी अफजल अमन उर्फ बाबर उर्फ राजा खान और विक्की डोम शामिल हैं। मुठभेड़ के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद में भर्ती कराया गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद एयरपोर्ट थाना पुलिस की टीम धनबाद पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपियों को रांची ले आई। इस मामले में विक्की डोम को पहले ही न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। वहीं अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे कई अहम खुलासे होने की संभावना है।
फायरिंग और हत्या का मामला
पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों ने रांची एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में गोलीबारी की थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में आरोपियों को गिरफ्तार किया। झारखंड पुलिस का कहना है कि राज्य में अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले में भी पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
Reporter | Samachar Post