Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड में न्यायिक प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राज्य में जल्द ही ई-सम्मन व्यवस्था लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को निर्देश जारी कर प्रत्येक जिले में एक नोडल पदाधिकारी (डिस्ट्रिक्ट एडमिन) नियुक्त करने को कहा है। इस संबंध में जैप डीआईजी सह CCTNS के नोडल पदाधिकारी कार्तिक एस. की ओर से आदेश जारी किया गया है। आदेश के तहत रांची, जमशेदपुर और धनबाद सहित राज्य के सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को अपने जिले में एक नोडल अधिकारी नामित कर उसका विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें :होली के बाद ट्रेनों में बढ़ी भीड़, कई ट्रेनों में ‘नो रूम’ की स्थिति
ई-सम्मन एप से डिजिटल होगी पूरी प्रक्रिया
पुलिस मुख्यालय के अनुसार नए आपराधिक कानूनों के अनुरूप कोर्ट से सम्मन जारी होने से लेकर उसकी तामिला तक की पूरी प्रक्रिया को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC), नई दिल्ली द्वारा ई-सम्मन एप्लिकेशन तैयार किया गया है। इस एप के जरिए कोर्ट से जारी होने वाला सम्मन सीधे संबंधित थाना तक डिजिटल माध्यम से पहुंचेगा और उसकी तामिला की जानकारी भी ऑनलाइन दर्ज की जा सकेगी। इससे कागजी प्रक्रिया कम होगी और काम में पारदर्शिता के साथ तेजी आएगी।
नोडल पदाधिकारी बनाएंगे यूजर आईडी
जिला स्तर पर नियुक्त नोडल पदाधिकारी का यूजर आईडी बनाया जाएगा। यही अधिकारी अपने जिले के सभी थानों के पदाधिकारियों के लिए यूजर आईडी तैयार करेंगे, जिससे ई-सम्मन एप्लिकेशन का संचालन किया जा सकेगा।
8 मार्च तक भेजनी होगी जानकारी
सीसीटीएनएस नोडल पदाधिकारी कार्तिक एस. ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिले में नोडल पदाधिकारी नामित कर उनका पूरा विवरण निर्धारित प्रपत्र में भरकर 8 मार्च 2026 की अपराह्न तक ईमेल spmucctnsjharkhand@gmail.com पर भेजना सुनिश्चित करें।
Reporter | Samachar Post