Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :झारखंड के पलामू जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। मेदिनीनगर के सदर थाना पुलिस क्षेत्र अंतर्गत सुआ गांव के निराला टोला में सिगरेट नहीं मिलने से नाराज कुछ युवकों ने एक किराना जनरल स्टोर में आग लगा दी। इस आगजनी में दुकान में रखा सामान, नकदी और शादी के लिए खरीदा गया सामान जलकर राख हो गया। घटना में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
यह भी पढ़ें :12 वर्षीय बच्चे की हत्या का आरोपी हाजत में फंदे से लटका मिला, इलाज के दौरान मौत
सिगरेट लेने पहुंचे थे चार युवक
दुकान मालिक राजेश कुमार गुप्ता के मुताबिक, चार युवक उनकी दुकान पर सिगरेट खरीदने पहुंचे थे। उस समय दुकान बंद हो चुकी थी और सिगरेट भी खत्म हो गई थी। जब उन्होंने युवकों से कहा कि दुकान बंद है और सिगरेट उपलब्ध नहीं है, तो आरोपी युवक गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि युवकों ने मारपीट करने की भी कोशिश की। कुछ देर तक बहस के बाद वे वहां से चले गए, लेकिन जाते-जाते धमकी देकर गए। राजेश गुप्ता ने बताया कि युवकों के जाने के कुछ ही देर बाद उनकी दुकान से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। उन्होंने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी।
शादी का सामान भी जलकर राख
दुकान मालिक के अनुसार उनके भाई छोटू कुमार गुप्ता की शादी 11 मार्च को होने वाली है। शादी के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान पहले से खरीदकर दुकान में रखा गया था, जो आग में जलकर राख हो गया। इसके अलावा दुकान में रखे करीब 80 हजार रुपये नकद भी जल गए। कुल मिलाकर इस घटना में करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी
दुकानदार ने चारों युवकों पर दुकान में आग लगाने का आरोप लगाया है और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Reporter | Samachar Post