Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : रंगों और खुशियों के पर्व होली के दिन पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के हीरा सिकनी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव में जहां लोग होली के रंग में डूबे थे, वहीं आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया और 70 वर्षीय बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हीरा सिकनी गांव निवासी विश्वनाथ रजवार (70) के रूप में हुई है। आरोप है कि गांव के ही उनके गोतिया कपिल रजवार (25) ने गुस्से और शराब के नशे में टांगी से हमला कर उनकी जान ले ली।
मामूली कहासुनी से बढ़ा विवाद
ग्रामीणों के मुताबिक होली के दिन गांव में लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर जश्न मना रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विश्वनाथ रजवार और कपिल रजवार के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से भी आपसी रंजिश थी। होली के दिन शराब के नशे में विवाद और बढ़ गया।
यह भी पढ़ें: कोडरमा के तिलैया में घर में घुसकर मारपीट और लूट, परिवार में दहशत
टांगी से किया ताबड़तोड़ हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कपिल रजवार ने गुस्से में आकर टांगी उठा ली और विश्वनाथ रजवार पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग वहीं गिर पड़े। ग्रामीणों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन अधिक खून बहने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
खुशियां मातम में बदलीं
घटना के बाद पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। जो लोग कुछ देर पहले होली खेल रहे थे, वे इस वारदात से सन्न रह गए। देखते ही देखते पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों में भी घटना को लेकर आक्रोश है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शुरुआती जांच में आपसी विवाद और शराब के नशे को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।